Thursday, July 31, 2025

दुआ

बात हाल-फिलहाल की है। Lotus नाम का एक society complex था। उसके मुख्य-द्वार के बाहर 2 कुत्ते रहते थे। उनके नाम थे Tommy और  Coco. उनके ये नाम कैसे पड़े, यह तो उनको भी नहीं मालुम था। लेकिन दोनों आपस में मस्त रहते। खेलते, मस्ती करते तो कभी किसी गाड़ी के पीछे भागते। भूख लगती तो खाना तलाशते और जब थक जाते तो थोड़ी देर आराम कर लेते। 

उनको Lotus के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। बस आने-जाने वाले लोगों को देखते रहते। अब तो अंदर रहने वालों की पहचान हो गई थी - कुछ अच्छे, तो कुछ बुरे। अच्छे लोगों की list में कजरी का नाम सबसे ऊपर था। वह Lotus के घरों में सफाई का काम करती थी। कजरी अपना काम खत्म करके जाते-जाते दोनों कुत्तों को रोटी डाल कर जाती। यह उसकी दिनचर्या का हिस्सा था, जिसे वह कभी नहीं भूलती। कजरी को देखते ही दोनों कुत्ते भाग कर उसकी टांगों पर लिपट जाते और अपनी पूंछ ज़ोर से हिलाते। कजरी बिना किसी औपचारिकता के बस रोटी डालती और चली जाती। इस selfie के ज़माने में, कजरी का यह व्यवहार Tommy और Coco के लिए किसी योगी के नि:स्वार्थ  व्यवहार से कम नहीं था। 

दूसरी तरफ थी शर्मा ऑन्टी। शर्मा ऑन्टी 75 वर्ष की थी और अपने घर में अकेली रहती थी। उम्र की वजह से ज्यादा कहीं आती-जाती नहीं थी, बस Lotus के अंदर ही थोड़ा टहल लेती थी। जब भी Tommy और Coco अंदर आने की कोशिश करते, वह अपनी छड़ी से दोनों को बाहर भगा देती। दोनों कुत्ते जहां कजरी को दुआ देते, वहीं शर्मा ऑन्टी जैसे लोगों को खूब कोसते। अगर कभी शर्मा ऑन्टी Lotus के बाहर आती, दोनों को तो जैसे मौका ही मिल जाता। मन में तो आता कि इस बुढ़िया को वैसे ही भगायें, जैसे वह भगा देती है। परन्तु शर्मा ऑन्टी की छड़ी देख कर रुक जाते और दूर से ही बुढ़िया पर भौंकते रहते। 

आज हल्की बरसात हो रही थी। कजरी शर्मा ऑन्टी के घर काम खत्म करके निकल ही रही थी कि शर्मा ऑन्टी ने ज़ोर से आवाज़ लगाई -

शर्मा ऑन्टी: ऐ कजरी !!! कुत्तों की रोटी तो लेती जा। रोज़ भूल जाती है। हमेशा जल्दी में ही रहती है। 

कजरी: क्या ऑन्टी, आप से खुद के काम तो होते नहीं, पर कुत्तों के लिए रोज़ रोटी बनती हो। और ये कुत्ते मुझे बिलकुल पसंद नहीं। जब भी दोनों मेरे पास आते हैं, तो मुझे बहुत डर लगता है। 

शर्मा ऑन्टी: तेरे नखरे तो बस ..... पता नहीं इतनी बरसात में उन दोनों को कुछ खाने को मिला होगा या नहीं। ले जा, दोनों दुआ देंगे। 


अब बेचारे Tommy और Coco को क्या पता कि उनकी दुआ का असली हकदार कौन है। वो तो बस अपनी मस्ती में मस्त हैं। 


No comments: